—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
हिंडोरिया से सुजात खान की रिपोर्ट
टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय ने संभाला हिंडोरिया थाना प्रभारी का पदभार
(कहा— अपराध और अपराधियों के विरुद्ध होगी सख्त कार्यवाही)
दमोह/
हिण्डोरिया: थाना हटा से स्थानांतरित होकर आए उपनिरीक्षक टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय ने सोमवार शाम 5 बजे हिंडोरिया थाने का पदभार ग्रहण कर लिया। यह थाना अतिसंवेदनशील श्रेणी में माना जाता है।
पदभार ग्रहण करने से पूर्व टीआई उपाध्याय ने प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बांदकपुर स्थित श्री जागेश्वरनाथ मंदिर में जाकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से हिंडोरिया थाना प्रभार संभाला।
पूर्व थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर का तबादला पटेरा थाने में हुआ है, जिसके बाद हटा से स्थानांतरित होकर टीआई उपाध्याय ने हिंडोरिया की कमान अपने हाथों में ली।
स्टाफ और नगरवासियों ने किया स्वागत
हिंडोरिया पहुंचने पर थाना स्टाफ सहित नगर के गणमान्य नागरिकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में संचालित अवैध शराब बिक्री एवं अन्य अवैधानिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग भी रखी।
अवैध गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी उपाध्याय ने कहा कि हिंडोरिया थाना क्षेत्र के साथ-साथ बांदकपुर चौकी एवं बिलाई चौकी क्षेत्र में भी किसी प्रकार की गैरकानूनी या गैर-सामाजिक गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा—
“आमजन के सहयोग और पुलिस स्टाफ की मदद से कानून का राज स्थापित किया जाएगा। अपराध एवं अपराधियों पर सख्त, कानूनसम्मत कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में अमन, शांति और सद्भाव को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।”













































