—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*महिला सुरक्षा शाखा दमोह द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित*


दमोह, 12 मार्च 2026।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस मुख्यालय (महिला सुरक्षा शाखा) भोपाल एवं पुलिस अधीक्षक दमोह श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस सभागार दमोह में महिला सुरक्षा शाखा द्वारा एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक (महिला सुरक्षा) श्री देवी सिंह ठाकुर ने महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और उनके सम्मान व सुरक्षा को सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों और महिलाओं के प्रति होने वाली अस्वीकार्य घटनाओं के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया।
पुलिस सभागार में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में नगर की कई गणमान्य महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों और सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में जस्टिस जेंडर स्काई ग्रुप की महिलाएं, जिला योजना समिति की सदस्य एवं पार्षद कविता राय, कांग्रेस नेत्री एडवोकेट निधि श्रीवास्तव, भाजपा नेत्री ऋतु पांडे सहित महिला पुलिस कर्मी और अन्य सक्रिय महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा शाखा की टीम से उप निरीक्षक सविता रजक, सहायक उप निरीक्षक राकेश पाठक, महिला प्रधान आरक्षक मंजूलता, लक्ष्मीकांत, महिला आरक्षक क्रांति एवं आरक्षक गुड्डू भाई सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।













































