—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*ग्राम पंचायत इमलई में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन, मायसेम सीमेंट की सराहनीय पहल*
*डॉ. गौरव व मेडिकल टीम ने किया 195 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण*

दमोह | 12 मार्च 2026
जिले की ग्राम पंचायत इमलई में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मायसेम सीमेंट (नरसिंहगढ़, दमोह) द्वारा अपने सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत इमलई के विशेष अनुरोध पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया।
शिविर में डॉ. गौरव एवं उनकी अनुभवी मेडिकल टीम द्वारा कुल 195 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया तथा उनकी समस्याओं के अनुसार उपचार की सलाह भी प्रदान की।
इस दौरान फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से शिविर में आए सभी जरूरतमंद मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
यह आयोजन मायसेम सीमेंट की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के समापन पर ग्राम पंचायत इमलई की सरपंच रामरानी अहिरवार, सचिव संजय सिंह राजपूत, सहायक सचिव मुकेश पटेल एवं उपसरपंच रमेश श्रीवास्तव सहित ग्रामवासियों ने मायसेम हीडलबर्ग सीमेंट प्रबंधन और मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया।
सरपंच रामरानी अहिरवार ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से गरीब और जरूरतमंद ग्रामीणों को अपने गांव के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल जाती हैं, जिससे उन्हें काफी राहत मिलती है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।















































