Home » अपराध » Mp » *दोस्त को वीडियो कॉल कर फांसी पर झूला युवक, मौत का लाइव वीडियो वायरल*

*दोस्त को वीडियो कॉल कर फांसी पर झूला युवक, मौत का लाइव वीडियो वायरल*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—

*दोस्त को वीडियो कॉल कर फांसी पर झूला युवक, मौत का लाइव वीडियो वायरल*

*गैसाबाद थाना क्षेत्र के मोहरई गांव की सनसनीखेज घटना*

*झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाए जाने को लेकर व्यक्ति ने की आत्महत्या*

*मृतक रोहित राय कर्जदार से था परेशान*

दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरई गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रोहित राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले रोहित ने पेड़ पर चढ़कर अपने एक दोस्त को वीडियो कॉल किया और अपनी परेशानी बताई। वीडियो कॉल के दौरान उसने गले में फांसी का फंदा डाल रखा था और मानसिक तनाव में दिखाई दे रहा था।

वीडियो में मृतक रोहित अपने दोस्त को बता रहा है कि एक व्यक्ति द्वारा उससे 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी और पैसे न देने पर उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। रोहित ने यह भी बताया कि वह पहले ही उस व्यक्ति को करीब दो लाख रुपये दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।

वीडियो कॉल के दौरान दोस्त उसे लगातार समझाने और ऐसा कदम न उठाने की सलाह देता रहा, लेकिन रोहित ने उसकी बात नहीं मानी। कुछ ही क्षण बाद उसने पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर छलांग लगा दी और अपनी जान दे दी।

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही गैसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि वीडियो में लगाए गए आरोपों और नामजद व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी की प्रताड़ना या उगाही की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आर्थिक और मानसिक दबाव के कारण युवा किस हद तक टूट जाते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This