*शाइनिंग स्टार स्कूल दमोह बना जिले का अव्वल विद्यालय संस्थापक प्रिंसिपल समीक्षा बजाज की मेहनत को मिली सराहना*
दमोह। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छूते हुए शाइनिंग स्टार स्कूल, दमोह ने जिले में अव्वल स्थान प्राप्त कर एक गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता के पीछे विद्यालय की संस्थापक एवं प्रिंसिपल श्रीमती समीक्षा बजाज का अथक परिश्रम, दूरदर्शी नेतृत्व और बच्चों के प्रति समर्पित सोच प्रमुख रूप से सामने आई है।
श्रीमती समीक्षा बजाज ने जिस लगन और प्रतिबद्धता के साथ इस विद्यालय की नींव रखी, आज वही प्रयास एक सशक्त परिणाम के रूप में सामने आया है। उनकी कार्यशैली न केवल अनुशासन और गुणवत्ता पर आधारित है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर तैयार की गई है।
विगत वर्ष विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर एवं जिला न्यायाधीश स्वयं विद्यालय पहुंचे थे। उन्होंने बच्चों से सीधा संवाद कर उनकी समझ, आत्मविश्वास और व्यवहारिक ज्ञान को परखा। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, शिक्षकों की सक्रियता और बच्चों के उज्ज्वल प्रदर्शन की खुलकर सराहना की।
विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि शाइनिंग स्टार स्कूल केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक और सांस्कृतिक विकास पर समान रूप से ध्यान देता है। यहां नियमित रूप से खेलकूद, ताइक्वांडो, नृत्य, संगीत, डांस एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास निरंतर बढ़ रहा है।
विद्यालय की एक अनूठी पहल “प्रेरणा डायरी” भी सराहना का विषय बनी हुई है। इसके माध्यम से बच्चों को अच्छे संस्कार, अनुशासन, माता-पिता का सम्मान और नैतिक मूल्यों का महत्व सिखाया जाता है। यह पहल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसके अलावा विद्यालय में बच्चों को मोबाइल के दुष्प्रभावों से दूर रहने, समय का सही उपयोग करने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी जाती है। साथ ही ब्रेकफास्ट और टिफिन में पौष्टिक आहार लाने के लिए भी बच्चों को जागरूक किया जाता है, जिससे उनका शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
विद्यालय में शिकायत निवारण की सुदृढ़ व्यवस्था भी लागू की गई है, जहां बच्चों एवं अभिभावकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जाता है। इस पारदर्शी व्यवस्था ने अभिभावकों का विश्वास और अधिक मजबूत किया है।
विद्यालय के सभी शिक्षकगण, स्टाफ एवं प्रबंधन समिति भी इस सफलता के लिए समान रूप से बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
**श्रीमती समीक्षा बजाज के इस प्रेरणादायी नेतृत्व की चारों ओर सराहना हो रही है।**
समाज के विभिन्न वर्गों, अभिभावकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
**निस्संदेह शाइनिंग स्टार स्कूल दमोह की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।**
**एमपी अपडेट की न्यूज़ टीम भी शाइनिंग स्टार स्कूल के समय स्टाफ और प्रिंसिपल संस्थापक को बहुत-बहुत बधाई शुभकामनाएं बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए देते हैं**







































