—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार 29 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार*
*ओवरब्रिज के पास ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी देहात थाना पुलिस की घेराबंदी में चढ़े हत्थे*
दमोह। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देहात थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 29 लाख रुपये मूल्य की स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरदार वल्लभभाई पटेल ओवरब्रिज के पास दो संदिग्ध व्यक्ति स्मैक बेचने के उद्देश्य से घूम रहे हैं और ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया तथा क्षेत्र की घेराबंदी की गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राजू उर्फ राजेंद्र मिश्रा (51 वर्ष) निवासी शोभानगर, सिविल वार्ड क्रमांक-1 तथा आशुतोष श्रीवास्तव (32 वर्ष) निवासी गोविंद विहार कॉलोनी, थाना गोपालगंज को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी यह स्पष्ट नहीं कर सके कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। पुलिस अब इसके स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से नशा तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। केवल मई माह के दौरान पुलिस ने सात महत्वपूर्ण कार्रवाईयों को अंजाम दिया है। इन अभियानों में कुल 42 किलो 535 ग्राम गांजा भी जब्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े प्रकरण पटेरा, गैसाबाद, पथरिया और नोहटा थाना क्षेत्रों में दर्ज किए गए हैं। इनमें से तीन मामले केवल पटेरा क्षेत्र से संबंधित हैं, जहां बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस सफल कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी, अकरम खान, सूर्यकांत पांडे, संजय पाठक, सौरभ टंडन, राकेश अठ्या तथा सौरभ जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा।
देहात थाना पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि दमोह जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती के साथ काम कर रही है। पुलिस की लगातार निगरानी और कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों पर दबाव बढ़ा है। अधिकारियों ने कहा है कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












































