—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*विश्व पर्यावरण दिवस पर जैन मिलन ने किया वृक्षारोपण शुरू हुआ एक पेड़ मां के नाम अभियान*
दमोह, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा, दमोह द्वारा शासकीय आयुर्वेद अस्पताल परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत औषधीय पौधों का रोपण किया गया तथा भीषण गर्मी में मूक पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु साकोरे (मिट्टी के जलपात्र) लगाए गए।
कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आयुर्वेद अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बृजेश कुलपरिया का सम्मान भी किया गया। जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा के अध्यक्ष मुकेश जैन मम्मा, मंत्री महेंद्र जैन सोमखेड़ा एवं कोषाध्यक्ष जिनेंद्र जैन मंडला ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
तीन माह तक चलेगा पर्यावरण संरक्षण अभियान
संस्था के मंत्री महेंद्र जैन सोमखेड़ा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस से प्रारंभ होकर आगामी तीन माह तक भारतीय जैन मिलन के आह्वान पर देशव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत सुरक्षित परिसरों में व्यापक पौधारोपण किया जाएगा, जिससे पौधों की सुरक्षा और उनके समुचित विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
नीम का पौधा स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. बृजेश कुलपरिया ने जैन मिलन की पर्यावरणीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छ पर्यावरण दोनों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नीम का वृक्ष शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ अनेक औषधीय गुणों से युक्त होता है, इसलिए इसका रोपण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शाकाहार भी पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रचार मंत्री सुनील वेजीटेरियन ने कहा कि शाकाहार अपनाने से न केवल स्वास्थ्य लाभ होता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए शाकाहार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में भारतीय जैन मिलन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का विशेष सानिध्य प्राप्त हुआ। इनमें आनंद जैन (राष्ट्रीय संयोजक, वीएसएनएल), दिलेश चौधरी (क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष), सबन जैन सिल्वर (क्षेत्रीय मुख्य संयोजक) एवं सुधीर जैन डब्लू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा राकेश पलंदी, विवेक डवुलया, राजेश जैन, विकल्प जैन, सीए अतुल जैन, दीपक जैन, संदीप मोदी, सचिंद्र जैन, सत्येंद्र जैन, विवेक विकल्प जैन, संदीप अभाना सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं वीर बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और समाज में हरित चेतना का संदेश देना भी रहा। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।













































