—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*24 जून को रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने लिया जायजा*
दमोह। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा जबेरा विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जबेरा विधानसभा क्षेत्र के सिंग्रामपुर स्थित खेल स्टेडियम में आगामी 24 जून को आयोजित होने वाले वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंत्री श्री लोधी ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती का बलिदान साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है, इसलिए कार्यक्रम का आयोजन उनकी गौरवशाली विरासत के अनुरूप श्रद्धा और भव्यता के साथ किया जाना चाहिए।
24 जून को आयोजित होने वाले बलिदान दिवस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से रानी दुर्गावती के जीवन, शौर्य और बलिदान का स्मरण किया जाएगा। साथ ही उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जनपद सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री रुपेश सेन, श्री सत्येंद्र ठाकुर तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।













































