Home » अपराध » Mp » *हिंडोरिया के पठानी मोहल्ला में युवक की धारदार हथियार से हत्या शराब दुकान पर विवाद के बाद वारदात की आशंका*

*हिंडोरिया के पठानी मोहल्ला में युवक की धारदार हथियार से हत्या शराब दुकान पर विवाद के बाद वारदात की आशंका*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*हिंडोरिया के पठानी मोहल्ला में युवक की धारदार हथियार से हत्या शराब दुकान पर विवाद के बाद वारदात की आशंका*


दमोह, 24 जून। जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर हिंडोरिया के वार्ड क्रमांक 7 स्थित पठानी मोहल्ला में मंगलवार को एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आमिर खान उर्फ बुब्बू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही हिंडोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का कुछ समय पहले हिंडोरिया स्थित शराब दुकान पर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है। इसके अलावा अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी मंगलवार दोपहर घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया तथा थाना प्रभारी और जांच टीम को मामले की हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। एसपी ने अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश भी दिए हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एफएसएल और पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए जा रहे हैं।

हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के अनुसार मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना के समय मृतक के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पठानी मोहल्ला सहित पूरे हिंडोरिया नगर में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This