—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह पुलिस का “SAFE CLICK 2.0” अभियान, साइबर अपराधों के प्रति हजारों नागरिकों को किया जागरूक*

दमोह। पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कालदगि (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “SAFE CLICK 2.0” साइबर जागरूकता अभियान का व्यापक संचालन किया जा रहा है। अभियान के तहत 25 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध, फिशिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
कोतवाली थाना से निकाली गई भव्य मोटरसाइकिल रैली
थाना कोतवाली दमोह क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कालदगि, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक, साइबर सेल, थाना कोतवाली, पुलिस लाइन एवं जिला पुलिस बल के अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता से साइबर जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरते हुए आमजन को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। गढ़ी मोहल्ला, पठानी मोहल्ला, बैंक चौराहा, बस स्टैंड सहित अनेक स्थानों पर नागरिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
पथरिया में छात्राओं को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
थाना पथरिया द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ ने छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर रंगोली बनाकर जागरूकता संदेश भी दिया गया।
बटियागढ़ के फतेहपुर कला में ग्रामीणों को किया जागरूक
थाना बटियागढ़ अंतर्गत चौकी फतेहपुर कला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण नागरिकों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति सचेत किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बैंकिंग एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से बचने की सलाह दी।
हटा में छात्राओं को दिए गए सुरक्षा के टिप्स
थाना हटा के थाना प्रभारी द्वारा आकाश डांस एकेडमी की छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया।
तेजगढ़ में ग्रामीणों को दी गई समझाइश
थाना तेजगढ़ क्षेत्र के ग्राम परासही में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बताया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को ओटीपी, बैंक खाता विवरण या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
डिजिटल सुरक्षा अपनाने की अपील
दमोह पुलिस ने अभियान के माध्यम से हजारों नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाते हुए अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें और साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस का कहना है कि जन-जागरूकता ही साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है और “SAFE CLICK 2.0” अभियान इसी दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।













































