—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*गुरु पूर्णिमा और सावन के पहले सोमवार पर बांदकपुर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब*
*बांदकपुर भोले बाबा के 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन*


दमोह/बांदकपुर। गुरु पूर्णिमा और सोमवार के पावन संयोग पर श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर सुबह मंदिर के पट खुलते ही दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। यह दिन चातुर्मास के शुभारंभ का भी प्रतीक माना जाता है, जिसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे।
दोपहर तक मंदिर में 30 से 40 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि देर शाम तक यह संख्या 50 हजार से अधिक पहुंच सकती है।
मंदिर कमेटी के ट्रस्टी प्रबंधक रामकृपाल पाठक के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, छायादार विश्राम स्थल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा तथा अतिरिक्त पुलिस बल पूरे समय मंदिर परिसर और आसपास तैनात रहा। पुलिस प्रशासन ने भीड़ को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की।
गुरु पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर पूरे बांदकपुर धाम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। भक्तों ने भगवान श्री जागेश्वरनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।














































