—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*जबलपुर नाका मार्ग पर बड़े गड्ढों से हादसे का खतरा समाजसेवी राजदीप राजपूत ने स्वयं भरवाए गड्ढे*
दमोह। जबलपुर नाका गार्डन से लौटते समय सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय समाजसेवी एवं युवा राजदीप राजपूत ने बताया कि के-के ढाबा से जबलपुर नाका के बीच सड़क पर कई गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था।
राजदीप राजपूत ने बताया कि एक दिन पहले वह अपने परिवार और बच्चों के साथ इसी मार्ग से गुजर रहे थे। इस दौरान उनकी गाड़ी अचानक एक बड़े गड्ढे में जा गिरी। हालांकि सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने उन्हें झकझोर दिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी भी दिन कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
इसी चिंता को देखते हुए उन्होंने चार साथियों के साथ मिलकर स्वयं सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने का कार्य किया, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा किसी प्रकार की जनहानि न हो।
राजदीप राजपूत ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर की सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि फिलहाल लोगों की सुरक्षा के लिए गड्ढे भर दिए गए हैं, लेकिन यह केवल अस्थायी समाधान है। यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।












































