Home » अपराध » Mp » *दमोह में बारिश के बाद चरमराई बिजली व्यवस्था दिनभर परेशान रहे उपभोक्ता*

*दमोह में बारिश के बाद चरमराई बिजली व्यवस्था दिनभर परेशान रहे उपभोक्ता*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*दमोह में बारिश के बाद चरमराई बिजली व्यवस्था दिनभर परेशान रहे उपभोक्ता*


दमोह। सोमवार रात हुई तेज बारिश के बाद दमोह शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे मंगलवार को लोगों को पूरे दिन परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कार्यालय में दर्जनों शिकायतें पहुंचीं, लेकिन सीमित अमले के कारण अधिकांश शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं हो सका।

जानकारी के अनुसार, अधिकांश शिकायतें बिजली के खंभों से जुड़ी सर्विस लाइन के क्षतिग्रस्त या डिस्टर्ब होने की थीं। इसके चलते कई घरों और दुकानों में घंटों तक बिजली नहीं पहुंची। बारिश के बाद भी कई क्षेत्रों में शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग हर वर्ष गर्मी के मौसम में मेंटेनेंस का दावा करता है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में व्यवस्था चरमरा जाती है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर तार बदले जाते, पेड़ों की नियमित छंटाई की जाती और लाइनों का समुचित रखरखाव होता, तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था।

उपभोक्ताओं का कहना है कि जब वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं तो उन्हें निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति मिलना उनका अधिकार है। बरसात के मौसम में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिससे लोगों में नाराजगी है।

नागरिकों ने मांग की है कि बारिश और आपदा जैसी परिस्थितियों के लिए बिजली विभाग विशेष आपातकालीन टीमों का गठन करे, फील्ड स्टाफ की संख्या बढ़ाए और मेंटेनेंस व्यवस्था को प्रभावी बनाए, ताकि भविष्य में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

हालांकि, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर तकनीकी खराबी और शॉर्ट सर्किट की स्थिति बनी, जिन्हें सुधारने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This