Home » अपराध » Mp » *कुंडलपुर स्कूल का औचक निरीक्षण कंप्यूटर लैब बंद मिलने पर एसडीएम ने प्राचार्य को लगाई फटकार*

*कुंडलपुर स्कूल का औचक निरीक्षण कंप्यूटर लैब बंद मिलने पर एसडीएम ने प्राचार्य को लगाई फटकार*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*कुंडलपुर स्कूल का औचक निरीक्षण कंप्यूटर लैब बंद मिलने पर एसडीएम ने प्राचार्य को लगाई फटकार*

हटा/पटेरा। हटा एसडीएम राकेश सिंह मरकाम एवं पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी ने मंगलवार को पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुंडलपुर का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में केवल सात शिक्षक ही उपस्थित मिले, जबकि कंप्यूटर लैब बंद पाई गई। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए प्राचार्य को फटकार लगाई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्रों से प्रश्नोत्तरी कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा अंग्रेजी विषय का पाठन भी कराया। उन्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन कंप्यूटर लैब में प्रायोगिक प्रशिक्षण (प्रैक्टिकल) कराया जाए, ताकि कंप्यूटर शिक्षा प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।

अधिकारियों ने विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि यदि कोई कक्ष जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है तो उसमें किसी भी स्थिति में कक्षाएं संचालित न की जाएं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

विद्यालय परिसर में जलभराव की संभावना को देखते हुए मौके पर मौजूद ग्राम सचिव को तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित रूप से सिलेबस के अनुसार कक्षाएं संचालित करने के लिए कहा गया।

एसडीएम राकेश सिंह मरकाम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रत्येक शिक्षक और विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This