Home » अपराध » Mp » *शराब के नशे में वनरक्षक का हाई-वोल्टेज ड्रामा वर्दी की गरिमा हुई शर्मसार*

*शराब के नशे में वनरक्षक का हाई-वोल्टेज ड्रामा वर्दी की गरिमा हुई शर्मसार*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*शराब के नशे में वनरक्षक का हाई-वोल्टेज ड्रामा वर्दी की गरिमा हुई शर्मसार*

*ऑन ड्यूटी बीट प्रभारी सूर्यकांत उईके पर अभद्रता नशे और अवैध वसूली के गंभीर आरोप*


हटा/मड़ियादो | दीपक गर्ग की रिपोर्ट

दमोह जिले के हटा अनुभाग अंतर्गत मड़ियादो थाना क्षेत्र से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम इमझर स्थित वन चौकी में पदस्थ बीट प्रभारी सूर्यकांत उईके पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में धुत होकर अभद्र व्यवहार करने तथा राहगीरों से कथित रूप से अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार वनरक्षक सूर्यकांत उईके आने-जाने वाले लोगों को रोककर उनसे पैसे मांगते हैं। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर वे गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हैं। बताया जा रहा है कि इस तरह की हरकतें लंबे समय से जारी हैं, जिससे क्षेत्र के लोग परेशान हैं।

प्रदेश सरकार जहां “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्ति का संदेश दे रही है, वहीं सरकारी वर्दी में तैनात कर्मचारी पर इस तरह के आरोप शासन की छवि पर भी प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं।

जानकारी के अनुसार वन चौकी में रहने वाले एक अन्य वनरक्षक ने भी बीट प्रभारी की कार्यशैली और चौकी में शराब रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। यह भी दावा किया गया कि चौकी का उपयोग कार्यालय की बजाय शराबखोरी के अड्डे के रूप में किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले की सूचना मिलते ही मड़ियादो थाना प्रभारी प्रीति पांडे एवं डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय बीट प्रभारी चौकी के अंदर गहरी नींद में थे। पुलिसकर्मियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और खिड़की से आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आरोप है कि वे नशे की हालत में अचेत पड़े थे।

यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल सरकारी सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन है, बल्कि वन विभाग की साख पर भी आघात है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post