—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*30 हजार के इनामी आरोपी जीवन मैसी की गिरफ्तारी, मिशन अस्पताल कांड में आया बड़ा मोड़*

दमोह। जिले के बहुचर्चित मिशन अस्पताल प्रकरण में दमोह कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे और 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी जीवन मैसी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी को मिशन अस्पताल कांड की जांच में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 245/25 के आरोपी जीवन मैसी (60 वर्ष), पिता जोसेफ मैसी, निवासी वैशाली नगर, दमोह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 जुलाई को आरोपी की लोकेशन मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस की रणनीति के सामने उसकी कोशिशें नाकाम हो गईं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मिशन अस्पताल प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी भी जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
जिले के सबसे चर्चित मामलों में शामिल इस प्रकरण में 30 हजार के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को दमोह पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे मामले की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अभी दो आरोपी शेष फरार बताया जा रहे हैं….?












































