—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*जनभागीदारी से ही सफल होंगे जल संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान सांसद राहुल सिंह लोधी*


दमोह। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रविवार को दमोह जिले की ग्राम पंचायत मराहार में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद राहुल सिंह लोधी शामिल हुए। उनके नेतृत्व में पंचायत परिसर में 101 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि सरकार जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ग्रीष्मकाल में जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से तालाबों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य किया जा रहा है, जबकि वर्षाकाल में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया जा रहा है। इसके साथ ही “कैच द रेन” अभियान के जरिए वर्षा जल के अधिकतम संग्रहण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन अभियानों की सफलता तभी संभव है, जब आमजन बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं। सांसद ने ग्राम पंचायत मराहार में 101 पौधे लगाने पर ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए सभी से पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ईश्वर ज़रांदे ने बताया कि जिले में इस वर्ष 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए लगभग 100 स्थानों पर लगातार पौधारोपण किया जा रहा है और अभियान अंतिम चरण में है। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्धारित लक्ष्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, मंडल अध्यक्ष रमाकांत बाजपेई, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र पटेल, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, ग्रामवासी तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













































