—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दो सूत्रीय मांगों को लेकर जिला लिपिकों का भोपाल में प्रदर्शन मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन*
दमोह। दो सूत्रीय मांगों के समर्थन में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से राजधानी भोपाल पहुंचे लिपिक कर्मचारियों ने वल्लभ भवन मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लिपिक कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला लिपिक वर्गीय अध्यक्ष श्री राजीव बड़कुल ने किया। उन्होंने बताया कि लिपिक वर्ग की प्रमुख मांगों में अनुकंपा नियुक्ति में CPCT की अनिवार्यता समाप्त करना तथा मंत्रालय के लिपिक कर्मचारियों के समान वेतनमान लागू करना प्रमुख हैं।
प्रदर्शन में दमोह जिले के शिक्षा, वन, लोक निर्माण विभाग (PWD), आईटीआई एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत अनेक लिपिक कर्मचारियों ने सहभागिता की। कर्मचारियों ने एकजुट होकर शासन तक अपनी मांगें पहुंचाने और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण के लिए लिपिक कर्मचारी लगातार प्रयासरत हैं। कर्मचारियों ने शासन से दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर जिला लिपिक संघ के अध्यक्ष ने अवकाश लेकर आंदोलन में शामिल हुए सभी लिपिक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मांगों के निराकरण तक संघर्ष जारी रहेगा।












































