—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बांदकपुर मंदिर परिसर में श्रद्धालु से अभद्रता का मामला एसपी आनंद कलादगी की त्वरित कार्रवाई*
*संबंधित आरक्षक सिर्फ लाइन अटैच विभागीय जांच के आदेश ज़ारी*
दमोह। देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर में सावन सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। इसी दौरान एक श्रद्धालु के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित अभद्रता किए जाने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगी (IPS) के संज्ञान में आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक को लाइन संबद्ध (लाइन अटैच) करने के निर्देश दिए। साथ ही आरक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि पूरे मामले के तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जा सके और जिम्मेदारी निर्धारित की जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का मूल कर्तव्य आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना है। धार्मिक स्थलों एवं बड़े आयोजनों में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों से संयमित, शालीन और संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। ड्यूटी के दौरान पुलिस आचरण एवं निर्धारित कर्तव्यों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की त्वरित कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि धार्मिक स्थलों पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करना होगा!
“एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह”












































