—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह में गूंजा देशभक्ति का जज्बा पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा*
*150 से अधिक मोटरसाइकिलों पर सवार पुलिस जवानों ने दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश*
दमोह। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार, 10 अगस्त को दमोह पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई। पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा में 150 से अधिक मोटरसाइकिलों पर सवार पुलिस अधिकारी और जवान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर निकले। अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे के साथ पुलिस जवानों का काफिला शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। यात्रा को देखकर शहरवासियों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली।
पूरे यात्रा मार्ग में तिरंगा लहराते हुए पुलिस जवानों ने नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के लिए प्रेरित करना रहा।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक : आनंद कलादगि
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से पुलिस बल के साथ-साथ आमजन में भी राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का भी दिन है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रप्रेम के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का सदैव सम्मान करें और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
दमोह पुलिस की यह भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा शहर में देशभक्ति के रंग बिखेरते हुए “राष्ट्र प्रथम” की भावना को मजबूत करने वाली प्रेरणादायी पहल के रूप में नजर आई।













































