—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*श्री जागेश्वरनाथ धाम के दर्शन के लिए हटा से नंगे पांव निकली भव्य कांवड़ यात्रा*

*संवाददाता दीपक गर्ग की खास रिपोर्ट*
दमोह/हटा सावन के पावन महीने में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में दमोह जिले के हटा नगर से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भव्य कांवड़ यात्रा श्री जागेश्वरनाथ धाम के लिए रवाना हुई।
कांवड़ यात्री लगभग 35 किलोमीटर की दूरी नंगे पांव पैदल तय करते हुए श्री जागेश्वरनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूर्ण करेंगे। बारिश के मौसम में कीचड़, कंकड़-पत्थरों, धूल-मिट्टी और खराब रास्तों जैसी परेशानियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही है।
कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु पूरे दिन व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन रहे। यात्रा के दौरान डीजे, ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालु नाचते-झूमते और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। भक्ति और उत्साह से भरे इस माहौल ने पूरे मार्ग को शिवमय बना दिया।
रास्ते में जगह-जगह हुआ कांवड़ यात्रियों का स्वागत
कांवड़ियों की कठिन पैदल यात्रा और अटूट आस्था को देखते हुए मार्ग में धर्मप्रेमी लोगों द्वारा जगह-जगह पानी, फल और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। लोगों ने श्रद्धालुओं की सेवा कर धार्मिक लाभ अर्जित किया।
इसी क्रम में भगवती मानव कल्याण संगठन के युवा साथियों ने भी कांवड़ यात्रियों के लिए सेवा शिविर लगाया। संगठन के युवाओं ने रास्ते में भोलेनाथ के भक्तों को खीर और फल वितरित किए तथा उनकी सेवा की।
कांवड़ यात्रियों का कहना है कि भगवान श्री जागेश्वरनाथ के प्रति आस्था और विश्वास ही उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी लगातार पैदल चलने की शक्ति देता है। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालु श्री जागेश्वरनाथ धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करेंगे और अपनी मनोकामना की प्रार्थना करेंगे।

















