Home » अपराध » Mp » *सिंग्रामपुर में तीन दिन से जिओ नेटवर्क बंद, हजारों उपभोक्ता परेशान*

*सिंग्रामपुर में तीन दिन से जिओ नेटवर्क बंद, हजारों उपभोक्ता परेशान*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*सिंग्रामपुर में तीन दिन से जिओ नेटवर्क बंद, हजारों उपभोक्ता परेशान*

*विद्युत प्रवाह बंद होते ही ठप हो जाती हैं सेवाएं ऑनलाइन कारोबार और डिजिटल भुगतान प्रभावित — सोमवार को टीम पहुंचकर समाधान का आश्वासन*

**जबेरा से प्रवीण दुबे की रिपोर्ट**

दमोह /सिंग्रामपुर क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामों में पिछले तीन दिनों से रिलायंस जिओ की मोबाइल और ब्रॉडबैंड सेवाएं प्रभावित होने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 5G नेटवर्क के साथ जिओ फाइबर सेवाएं भी बाधित होने से मोबाइल इंटरनेट, ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई भुगतान सहित अन्य डिजिटल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में विद्युत प्रवाह बंद होते ही जिओ की नेटवर्क सेवाएं भी ठप हो जाती हैं। लगातार बिजली कटौती के बीच नेटवर्क बाधित रहने से दुकानदारों, विद्यार्थियों और ऑनलाइन काम करने वाले लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। उपभोक्ताओं द्वारा कस्टमर केयर पर शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

यूपीआई भुगतान नहीं होने से कारोबार प्रभावित

स्थानीय दुकानदार महेश सेन ने बताया कि पिछले दो दिनों से नेटवर्क बंद रहने के कारण उनका कारोबार प्रभावित हुआ है। ग्राहक यूपीआई के माध्यम से भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते रोजाना के कारोबार में करीब 50 प्रतिशत तक कमी आने का दावा किया गया है।

वहीं विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं, स्टडी मटेरियल डाउनलोड करने और प्रोजेक्ट संबंधी कार्यों में परेशानी हो रही है। इंटरनेट आधारित काम करने वाले अन्य उपभोक्ताओं को भी नेटवर्क बाधित रहने से नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बिजली बंद होते ही करीब एक घंटे बाद नेटवर्क भी बंद

सिंग्रामपुर निवासी एवं जनपद प्रतिनिधि दीपक यादव ने बताया कि शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बिजली कटौती के साथ जिओ नेटवर्क भी बंद रहा। अधिकारियों से जानकारी लेने पर बताया गया कि बिजली बंद होने के बाद बैटरी बैकअप लगभग एक घंटे तक ही सप्लाई दे पाता है, इसके बाद नेटवर्क सेवाएं बंद हो जाती हैं।

दीपक यादव ने बताया कि कुछ महीने पहले जिओ की सेवा बेहतर चल रही थी, जिसके चलते उन्होंने एक वर्ष का रिचार्ज कराया था। लेकिन लगातार नेटवर्क संबंधी परेशानी के कारण अब दूसरी कंपनी का नेटवर्क लेने पर विचार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो कई उपभोक्ता दूसरे नेटवर्क की ओर रुख कर सकते हैं।

उपभोक्ता चक्रेश जैन, दिनेश साहू, सत्येंद्र विश्वकर्मा, निवेश जैन, दीपक यादव, सुनील शुक्ला सहित अन्य लोगों ने जिओ की नेटवर्क व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कर सेवाएं सुचारु करने की मांग की है।

सोमवार को सिंग्रामपुर पहुंचेगी जिओ की टीम

मामले को लेकर दमोह जिओ हेड आदित्य ने बताया कि उपभोक्ताओं को आ रही परेशानी का जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को जिओ की टीम सिंग्रामपुर पहुंचकर नेटवर्क संबंधी समस्या का निरीक्षण करेगी और आवश्यक कार्रवाई कर सेवाओं को सुचारु करने का प्रयास करेगी।

अब देखना होगा कि सोमवार को जिओ की टीम के निरीक्षण के बाद क्षेत्र में नेटवर्क समस्या का तकनीकी समाधान कितनी जल्दी हो पाता है और हजारों उपभोक्ताओं को कब तक राहत मिलती है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This