—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बांदकपुर कॉरिडोर निर्माण को लेकर बांसा में बैठक श्रद्धालुओं ने उठाए कार्य की गति और पारदर्शिता पर सवाल*


दमोह/बांसा के प्रसिद्ध हिंदू तीर्थक्षेत्र बांदकपुर धाम में प्रस्तावित भव्य कॉरिडोर निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों के बीच चर्चा तेज हो गई है। कॉरिडोर निर्माण कार्य पिछले करीब डेढ़ वर्ष से जारी बताया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा को लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को बांसा स्थित राम मंदिर में कॉरिडोर निर्माण को लेकर बैठक एवं चर्चा का आयोजन किया गया। बैठक में बांसा क्षेत्र के अनेक धर्मप्रेमी नागरिकों ने उपस्थित होकर बांदकपुर धाम के विकास कार्य को शीघ्र गति देने की मांग रखी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बांदकपुर जिले ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां बनने वाले भव्य कॉरिडोर की योजना, निर्माण की प्रगति, कार्य की समय-सीमा और आगामी स्वरूप की जानकारी आम श्रद्धालुओं तक स्पष्ट रूप से पहुंचनी चाहिए।
बैठक में अतिक्रमण को कॉरिडोर निर्माण में बड़ी बाधा बताते हुए इसके समाधान की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने कहा कि विकास कार्य को लेकर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और मंदिर प्रबंधन को समन्वय के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि धार्मिक स्थल का विकास निर्धारित योजना के अनुरूप और समय पर पूरा हो सके।
धर्मप्रेमी नागरिकों ने एक स्वर में मांग की कि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, दमोह सांसद, क्षेत्रीय विधायक, बांदकपुर मंदिर ट्रस्ट कमेटी तथा जिला प्रशासन कॉरिडोर निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें। लोगों ने कहा कि श्रद्धालुओं को यह जानकारी मिलनी चाहिए कि निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा और कॉरिडोर के विकास की योजना में किन-किन कार्यों को शामिल किया गया है।
बैठक में माधव शुक्ला, ऋषि राज परिहार, रामजी सोनी, आदर्श तिवारी, डॉ. अनिल मिश्रा, ब्रजेश सोनी, दीपक राजपूत, चंद्रपाल परिहार, चंदू बरडिया, अभिषेक राजपूत, राम मंदिर के पंडित भोले पौराणिक, ओम शंकर तिवारी, पवन मिश्रा सहित बांदकपुर धाम से राम गौतम एवं अन्य धर्मप्रेमी नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग और प्रशासन श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कॉरिडोर निर्माण कार्य में तेजी लाएंगे तथा निर्माण की प्रगति और योजना से आमजन को नियमित रूप से अवगत कराया जाएगा।
















