Home » अपराध » Mp » *उपजेल हटा में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव विधायक उमा देवी खटीक ने की पूजा-अर्चना*

*उपजेल हटा में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव विधायक उमा देवी खटीक ने की पूजा-अर्चना*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*उपजेल हटा में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव विधायक उमा देवी खटीक ने की पूजा-अर्चना*

दमोह/ हटा। उपजेल हटा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हटा विधायक उमा देवी खटीक, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम पटेल, जेल अधीक्षक नागेंद्र सिंह सहित जेल स्टाफ एवं बंदी मौजूद रहे।

जन्माष्टमी के अवसर पर उपजेल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। जेल अधीक्षक नागेंद्र सिंह के निर्देशन में सुबह से ही कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। शाम को भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण की भक्ति से पूरा जेल परिसर भक्तिमय नजर आया।

कार्यक्रम में पहुंचीं हटा विधायक उमा देवी खटीक ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान के जयकारे लगाए। विधायक के साथ जेल में निरुद्ध बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक जयघोष किया। पूरे परिसर में “जय कन्हैया लाल की”, “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंजते रहे।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की उत्सव घड़ी में जेल अधीक्षक नागेंद्र सिंह भी बंदियों के साथ भक्ति गीतों पर शामिल हुए और उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इस दौरान बंदियों ने भी धार्मिक गीतों पर अपनी सहभागिता निभाई। आयोजन ने जेल के वातावरण को कुछ समय के लिए पूरी तरह आध्यात्मिक और सकारात्मक बना दिया।

इस अवसर पर विधायक उमा देवी खटीक ने बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेश से प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां कैसी भी हों, व्यक्ति को हमेशा सत्य, धर्म और अच्छे मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बंदियों से आह्वान किया कि वे आज के दिन यह संकल्प लें कि भविष्य में कभी ऐसी गलती नहीं करेंगे, जिसके कारण उन्हें दोबारा जेल की चारदीवारी में आना पड़े।

विधायक ने कहा कि जेल केवल सजा का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्ति को अपनी गलतियों पर चिंतन कर स्वयं को सुधारने और समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर भी देती है। उन्होंने बंदियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और परिवार तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान जेल स्टाफ ने भी बंदियों के साथ मिलकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सहभागिता की। धार्मिक आयोजन ने बंदियों के बीच उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। जेल प्रशासन द्वारा आयोजित इस आयोजन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This