—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से गौरवान्वित हुए सुखनंदन साहू जबेरा में हुआ भव्य स्वागत*
*जबेरा से प्रवीण दुबे की रिपोर्ट*
दमोह/जबेरा। शासकीय सांदीपनि विद्यालय जबेरा के नवाचारी शिक्षक सुखनंदन साहू को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान तथा नवाचार आधारित शिक्षण कार्यों के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में सम्मानित किया गया। भोपाल में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया।
राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त करने के बाद सोमवार को जब शिक्षक सुखनंदन साहू अपने गृह क्षेत्र जबेरा पहुंचे तो नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने उनका आत्मीय और भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों, शिक्षकों, विद्यालय स्टाफ, परिवारजनों तथा मित्रों ने पुष्पमालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
ग्रामवासियों ने कहा कि किसी शिक्षक का राज्य स्तर पर सम्मानित होना न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। सुखनंदन साहू की यह उपलब्धि विद्यार्थियों और युवा शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन, ग्राम सरपंच शिवलाल धुर्वे, भाजपा मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे, बीईओ विनोद बाजपेई, डॉ. मनोज जैन, शासकीय सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य संजय सिंघई, उपप्राचार्य अजय सिंघई, महेश साहू, दिनेश साहू, रामकिशोर शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षक सुखनंदन साहू को सम्मान प्राप्त होने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



















