Home » अपराध » Mp » *बनगांव में दिनदहाड़े महिला की हत्या पति के सामने प्रेमी ने गर्दन पर किए दो वार; आरोपी ने खुद भी पी लिया कीटनाशक*

*बनगांव में दिनदहाड़े महिला की हत्या पति के सामने प्रेमी ने गर्दन पर किए दो वार; आरोपी ने खुद भी पी लिया कीटनाशक*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*बनगांव में दिनदहाड़े महिला की हत्या पति के सामने प्रेमी ने गर्दन पर किए दो वार; आरोपी ने खुद भी पी लिया कीटनाशक*

दमोह। हटा थाना क्षेत्र के ग्राम बनगांव में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। यहां 30 वर्षीय वर्षा विश्वकर्मा की उसके पति मोनू विश्वकर्मा के सामने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी अज्जू उर्फ अजय दुबे ने कथित तौर पर कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई गई है। वर्षा के पति मोनू विश्वकर्मा उसे लेने के लिए मायके पहुंचे थे। परिवार के लोग घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला अज्जू उर्फ अजय दुबे वहां पहुंचा और वर्षा से दो मिनट बात करने की बात कही।

बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अजय ने पीछे छिपाकर रखा धारदार हथियार निकाला और वर्षा की गर्दन पर लगातार दो वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

मोनू के अनुसार, जब परिजन वर्षा को बचाने के लिए आगे बढ़े तो आरोपी ने उन्हें भी हथियार लेकर दौड़ाया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।

अस्पताल में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकारी

पुलिस ने आरोपी अजय दुबे को पकड़कर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में आरोपी ने कथित तौर पर वर्षा की हत्या करने की बात स्वीकार की और यह भी कहा कि दोनों ने साथ मरने की योजना बनाई थी। हालांकि पुलिस इस दावे की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। आरोपी नशे की हालत में था, इसलिए पूछताछ में पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी।

पति को नहीं थी कथित प्रेम प्रसंग की जानकारी

वर्षा के पति मोनू विश्वकर्मा ने बताया कि उसे वर्षा और अजय के कथित प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। मोनू के मुताबिक उसकी और वर्षा की शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी और दोनों का एक बेटा भी है। परिवार वर्तमान में छतरपुर जिले के भगवा में रहता है।

मोनू ने पुलिस को बताया कि उसे पत्नी के किसी कथित प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं थी। घटना के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए गांव और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है।

एसपी आनंद कलादगी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (IPS) ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपी और मृतका के बीच संबंध तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी के दावों की भी पुलिस द्वारा पुष्टि की जा रही है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This