—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नोहटा पहुंची संत रविदास जी की कलश वंदन यात्रा, संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी सहित जनप्रतिनिधि व धर्माचार्य हुए शामिल*
दमोह/नोहटा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान कलश वंदन यात्रा का ग्राम नोहटा में श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हुआ। यात्रा में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी, आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटैल तथा दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी प्रमुख रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, संस्कृति राज्यमंत्री के पिता भावसिंह लोधी, रूपेश सेन, जयसिंह कडोपा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, धर्माचार्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यात्रा के नोहटा पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
65 गांवों के मंदिरों में हुई कलश स्थापना
07 सितंबर से प्रारंभ हुई इस यात्रा के दौरान लगभग 65 ग्रामों में स्थित संत रविदास जी के मंदिरों में पवित्र कलशों की स्थापना की गई। इन कलशों में संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी एवं जल तथा गुरु ग्रंथ को श्रद्धापूर्वक स्थापित किया गया। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
समरसता, समानता और सामाजिक एकता का दिया संदेश
इस अवसर पर राष्ट्रीय संत श्री रामदयाल शास्त्री ने अपने विचार व्यक्त करते हुए संत रविदास महाराज के जीवन और संदेश पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समरसता, समानता और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए प्रेरणादायी हैं।
पांच दिनों तक यात्रा में साथ रहे कार्यकर्ताओं का सम्मान
अभियान के दौरान लगातार पांच दिनों तक यात्रा के साथ रहकर इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लखन अहिरवार, ब्रजेन्द्र अहिरवार, संतोष रोहित, सुशील चौधरी एवं धर्मेन्द्र रोहित का सम्मान किया गया। आयोजकों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
सत्येंद्र सिंह लोधी ने किया स्वागत, जताया आभार
संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी भी लगातार पांच दिनों तक यात्रा में सहभागी रहे। उन्होंने कार्यक्रम में स्वागत संबोधन के माध्यम से सभी अतिथियों, धर्माचार्यों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी के संदेश समरसता, समानता और सामाजिक एकता को जन-जन तक पहुंचाने वाली यह यात्रा श्रद्धा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बनी।




















