—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*हटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई 24 घंटे में चोरी की वारदात का पर्दाफाश एक आरोपी गिरफ्तार*
*चोरी का करीब 80 हजार रुपये का माल बरामद, दूसरा आरोपी फरार*


दमोह/हटा। थाना हटा क्षेत्र के ग्राम बोरी कला में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी अन्ना अख्तर पिता नूर खान उर्फ कलू मुसलमान, निवासी हटा को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 80 हजार रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। वारदात में शामिल उसका साथी महेंद्र आदिवासी, निवासी नीमन तिगड्डा अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत भदौरिया के निर्देशन में, हटा एसडीओपी केपी सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में की गई।
परिवार के इंदौर जाने के बाद सूने मकान में चोरी
आजाद वार्ड हटा निवासी मुरारी चौरसिया ने थाना हटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे श्याम चौरसिया का मकान नागबाबा के पास ग्राम बोरी कला में स्थित है। 10 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे श्याम चौरसिया अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर इंदौर चले गए थे।
अगली सुबह करीब 8 बजे पड़ोसी ने मकान का मुख्य गेट खुला होने और ताला टूटा होने की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मुरारी चौरसिया परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। मकान के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और जांच करने पर चोरी की वारदात सामने आई।
पूछताछ में सामने आई चोरी की कहानी
घटना की सूचना मिलने के बाद हटा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले सुरागों के साथ ही संभावित संदिग्धों की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच के आधार पर पुलिस ने अन्ना अख्तर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी महेंद्र आदिवासी के साथ मिलकर बोरी कला स्थित सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का करीब 80 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया।
ये सामान हुआ था चोरी
मकान से चोरों द्वारा इन्वर्टर की बैटरी, टीवी का सेट-टॉप बॉक्स, चांदी की दो पायल, संतान साते की चूड़ी, चांदी के पूजा के सिक्के सहित अन्य सामान चोरी किया गया था। पुलिस ने इनमें से करीब 80 हजार रुपये कीमत का चोरी का माल बरामद किया है।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना हटा में अपराध क्रमांक 468/2026, धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने अन्ना अख्तर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं उसका साथी महेंद्र आदिवासी निवासी नीमन तिगड्डा अभी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और उसकी तलाश लगातार जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा करने में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी, एसआई अरविंद राय, प्रधान आरक्षक प्रकाश, प्रधान आरक्षक महेंद्र, आरक्षक रामसिंह, विजय, मोहन साहू एवं पवन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

















