—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*132 केवी उपकेंद्र तेजगढ़ से नया 33 केवी झलोन फीडर चार्ज, 14,300 उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर बिजली सुविधा*
*RDSS योजना के तहत हुआ फीडर का निर्माण, लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से मिलेगी राहत*
दमोह। जिले के तेजगढ़ एवं झलोन क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली सप्लाई बाधित होने की समस्या से जूझ रहे घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को अब राहत मिलने की उम्मीद है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा विद्युत व्यवस्था को अधिक मजबूत और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 132 केवी उपकेंद्र तेजगढ़ से नवीन 33 केवी झलोन फीडर को 23 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे सफलतापूर्वक चार्ज कर दिया गया।
यह नवीन फीडर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी RDSS (Revamped Distribution Sector Scheme) योजना के अंतर्गत तैयार किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करना, उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज उपलब्ध कराना तथा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
40 किलोमीटर लंबे फीडर के कारण बनी रहती थी समस्या
जानकारी के अनुसार, पूर्व में 33 केवी तेजगढ़ फीडर से 33/11 केवी उपकेंद्र तेजगढ़, हिनौती, इमलिया घाट एवं झलोन संचालित किए जा रहे थे। तेजगढ़ फीडर की लंबाई लगभग 40 किलोमीटर होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली की गुणवत्ता प्रभावित होती थी। इसके चलते कई स्थानों पर लो-वोल्टेज और विद्युत आपूर्ति बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आती रहती थीं।
उपभोक्ताओं की इन समस्याओं को देखते हुए RDSS योजना के अंतर्गत तेजगढ़ फीडर का बाइफरकेशन (विभाजन) कर नवीन 33 केवी झलोन फीडर का निर्माण कराया गया। अब झलोन क्षेत्र को अलग फीडर से बिजली आपूर्ति की जा सकेगी, जिससे पुराने फीडर पर भी विद्युत भार कम होगा।
14,300 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
नवीन 33 केवी झलोन फीडर के चालू होने से क्षेत्र के लगभग 14,300 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलने का लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने के साथ किसानों को सिंचाई कार्यों में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल हुआ कार्य
नवीन 33 केवी झलोन फीडर को कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू, सहायक अभियंता प्रभात दुबे एवं कनिष्ठ अभियंता शिवदयाल अहिरवार के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में सफलतापूर्वक चार्ज किया गया।
विद्युत वितरण कंपनी का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नवीन फीडर के शुरू होने से तेजगढ़ एवं झलोन क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लंबे समय से चली आ रही विद्युत संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

















