Home » अपराध » Mp » *देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, संचालक पर मामला दर्ज; 1.72 लाख रुपये का सामान जब्त*

*देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, संचालक पर मामला दर्ज; 1.72 लाख रुपये का सामान जब्त*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, संचालक पर मामला दर्ज; 1.72 लाख रुपये का सामान जब्त*

*रात 1 बजे पुलिस ने दी दबिश, बिना अनुमति संचालित हो रहा था डीजे, ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर की गई वैधानिक कार्रवाई*


दमोह। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और देर रात तेज आवाज में डीजे बजाकर आम नागरिकों को परेशान करने वालों के विरुद्ध दमोह पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने वाले एक संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए करीब 1 लाख 72 हजार रुपये कीमत का डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) द्वारा जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में 24 एवं 25 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात लगभग 1 बजे रात्रि गश्त के दौरान पीसीआर दमोह से कोतवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सिविल वार्ड नंबर 02 में लज्जो कुचबंदिया के सामने, दाल मिल के पीछे एक स्थान पर तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। देर रात तेज आवाज के कारण आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जांच की तो टेंट में एक व्यक्ति बिना किसी वैध अनुमति के तेज आवाज में डीजे संचालित करते हुए पाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नरेश राय पिता राजू राय, उम्र 30 वर्ष, निवासी कोटातला, मारूताल चौकी जबलपुर नाका, दमोह बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर देर रात बिना वैध अनुमति एवं आवश्यक दस्तावेजों के तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।

इस पर पुलिस ने मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 7/15 एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 के तहत कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1015/26 पंजीबद्ध किया। साथ ही मौके से डीजे साउंड सिस्टम सहित अन्य उपकरण जब्त किए गए।

ये सामान किया गया जब्त

कोतवाली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में निम्न सामग्री जब्त की गई है।

1. आहुजा कंपनी के 06 नग डीजे साउंड बॉक्स।
2. स्टूडियो मास्टर कंपनी के 02 नग एम्पलीफायर।
3. डायनाटेक कंपनी का 01 नग मिक्सर।
4. एलक्ट्रा कंपनी का 01 नग स्टेबलाइजर।
5. एक इलेक्ट्रिक बोर्ड एवं 06 लीड वायर।

जब्त किए गए संपूर्ण सामान की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक अभिषेक चौबे, आरक्षक नरेंद्र पटैरिया, प्रदीप, कृष्णकुमार लोधी, गनपत एवं विक्रम राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दमोह पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि देर रात तेज आवाज में डीजे बजाकर आम नागरिकों की शांति भंग करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post