Home » अपराध » Mp » *पेंशनरों की उपेक्षा के खिलाफ दमोह में बना संयुक्त मोर्चा, समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलन की तैयारी*

*पेंशनरों की उपेक्षा के खिलाफ दमोह में बना संयुक्त मोर्चा, समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलन की तैयारी*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—

*पेंशनरों की उपेक्षा के खिलाफ दमोह में बना संयुक्त मोर्चा, समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलन की तैयारी*

दमोह। जिले में पेंशनरों की लगातार हो रही उपेक्षा और लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर आज पेंशनर्स समाज कार्यालय दमोह में जिले के विभिन्न पेंशनर संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपनी मांग रखने के लिए सभी पेंशनर संघों का एक संयुक्त मोर्चा गठित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लंबे समय से पेंशनरों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। पेंशनर कल्याण समिति की बैठक नियमित रूप से नहीं बुलाई जा रही है, जबकि पहले आयोजित बैठक का कार्यवाही विवरण भी आज तक जारी नहीं किया गया है।

इससे पेंशनरों के बीच असंतोष और नाराजगी की स्थिति बनी हुई है। बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण कई कार्यालय प्रमुखों द्वारा समय पर पेंशन कार्यालय नहीं भेजे जाते, जिसके कारण सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मचारियों को लंबे समय तक पेंशन और अन्य स्वत्वों के लिए इंतजार करना पड़ता है। पेंशनरों ने मांग की कि सेवानिवृत्ति के तुरंत बाद पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) सहित सभी देय स्वत्व जारी कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

बैठक में कर्मचारी आवास निगम कॉलोनी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। बताया गया कि निकाय और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किए जाने के बाद भी नगर पालिका द्वारा कॉलोनी को अपने अधीन नहीं लिया गया है।

वहीं आवास निगम द्वारा मांग किए जाने के बावजूद कॉलोनी के लिए जमीन का आवंटन भी अब तक नहीं किया गया है। पेंशनरों ने इसे प्रशासनिक उदासीनता बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
इन सभी समस्याओं को देखते हुए बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी पेंशनर संगठनों को एक मंच पर लाकर संयुक्त मोर्चा बनाया जाए, जिससे पेंशनरों की आवाज प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाई जा सके।

बैठक में प्रोग्रेसिव पेंशनर संघ के अध्यक्ष जगदीश चौबे ने संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष पद के लिए प्रमुख पेंशनर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष स्वामी अशोक तिवारी का नाम प्रस्तावित किया। इस प्रस्ताव का बैठक में उपस्थित सभी पेंशनर संघों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया और स्वामी अशोक तिवारी को संयुक्त मोर्चा का अध्यक्ष घोषित किया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष स्वामी अशोक तिवारी ने कहा कि वे शीघ्र ही नवदुर्गा के अवसर पर संयुक्त मोर्चा की कार्यकारिणी का गठन करेंगे। इसके बाद पेंशनरों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से चर्चा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी संगठन एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
बैठक में जिले के कई पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इनमें प्रमुख रूप से जगदीश चौबे (अध्यक्ष, प्रोग्रेसिव पेंशनर एसोसिएशन), राजकिशोर सेन (संरक्षक, पुलिस पेंशनर संघ), धन सिंह (अध्यक्ष, पुलिस पेंशनर संघ), सुरेंद्र चौबे (उपाध्यक्ष, पेंशनर्स समाज), आर.के. मिश्रा (अध्यक्ष, पेंशनर्स समाज), एम.एल. सरैया (अध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी निकाय पेंशनर संघ), पी.एन. अहिरवार (कोषाध्यक्ष, पेंशनर्स समाज), नन्हे भाई पटेल (तहसील अध्यक्ष, पेंशनर्स समाज), के.एल. अहिरवार (तहसील अध्यक्ष, पेंशनर्स समाज पथरिया), अभय भट्ट, रोहणी गौतम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

आर.के. मिश्रा अध्यक्ष मध्य प्रदेश पेंशनर्स समाज दमोह
बैठक के अंत में एम.एल. सरैया ने सभी पेंशनर संघों के प्रतिनिधियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी को मिलकर एकजुट प्रयास करना होगा।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This