—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*दमोह पुलिस की बड़ी सफलता: 34(2) आबकारी एक्ट के फरार आरोपी को छतरपुर से किया गिरफ्तार*
*चौकी प्रभारी आनंद कुमार की सक्रियता की हो रही सराहना*
दमोह। जिले में अवैध शराब के कारोबार और फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चौकी फुटेरा थाना बटियागढ़ पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को छतरपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार की सक्रियता और तत्परता की व्यापक सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक दमोह द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में थाना बटियागढ़ पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
बताया गया है कि दिनांक 26 सितंबर 2025 को थाना बटियागढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन की घेराबंदी कर जांच की। जांच के दौरान पिकअप वाहन से 40 पेटी अवैध शराब बरामद की गई थी। इस मामले में थाना बटियागढ़ में अपराध क्रमांक 314/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस प्रकरण में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों वीरेन्द्र सिंह लोधी निवासी ग्राम शेखपुर थाना बिनायका तथा रामराज उर्फ रम्मू दांगी (ठाकुर) निवासी गोरा थाना बहेरिया जिला सागर (म.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं।
हालांकि इस मामले का एक अन्य आरोपी शिवम उर्फ शिवप्रताप सिंह परमार पिता राम सिंह परमार उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम जगारा थाना बाजना जिला छतरपुर (म.प्र.) घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
इसी दौरान दिनांक 15 मार्च 2026 को चौकी प्रभारी फुटेरा उपनिरीक्षक आनंद कुमार को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी छतरपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही उन्होंने अपनी टीम के साथ तत्काल कार्रवाई करते हुए छतरपुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी फुटेरा उपनिरीक्षक आनंद कुमार, प्रधान आरक्षक 802 विपेश चौबे, आरक्षक 257 राज राजपूत एवं सायबर सेल दमोह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस सफलता को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की जा रही है। विशेष रूप से चौकी प्रभारी आनंद कुमार और उनकी टीम द्वारा लगातार की गई मेहनत और सूझबूझ से फरार आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों ने भी टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रियता से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया है।











































