Home » अपराध » Mp » *निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और सांदीपनि विद्यालय का कलेक्टर ने किया निरीक्षण*

*निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और सांदीपनि विद्यालय का कलेक्टर ने किया निरीक्षण*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और सांदीपनि विद्यालय का कलेक्टर ने किया निरीक्षण*

*जून अंत तक भवन हैंडओवर करने के निर्देश गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा कलेक्टर प्रताप नारायण यादव*

दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों भवनों का निर्माण शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भवन निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कई बार भवनों को विभागों को हस्तांतरित तो कर दिया जाता है, लेकिन निर्माण गुणवत्ता में कमी होने के कारण बाद में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभागों को रखरखाव और मरम्मत संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

कलेक्टर यादव ने निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर कमियां पाईं, वहां संबंधित एजेंसियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जून माह के अंत तक दोनों भवनों को संबंधित विभागों को हैंडओवर करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
*सांदीपनि विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं पर जोर*
सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र से पहले भवन विभाग को उपलब्ध हो जाना चाहिए, जिससे कक्षाएं समय पर प्रारंभ की जा सकें और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। निर्माण एजेंसी द्वारा कलेक्टर को जानकारी दी गई कि विद्यालय के एक ब्लॉक के लगभग 27 कक्ष शीघ्र ही विभाग को सौंप दिए जाएंगे, जबकि शेष निर्माण कार्य जुलाई माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज के लंबित कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश कलेक्टर ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी विस्तृत निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति, गुणवत्ता तथा लंबित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पूर्व की समीक्षा बैठकों में निर्माण एजेंसी ने जून माह में मेडिकल कॉलेज का कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया था।

इसी के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा हो और निर्माण की गुणवत्ता शासन के मानकों के अनुरूप रहे।

उन्होंने एजेंसी को लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज का सत्र समय पर प्रारंभ होना अत्यंत आवश्यक है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च चिकित्सा शिक्षा की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी और जिले के शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा तकनीकी अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी संबंधित पक्षों को समय-सीमा और गुणवत्ता दोनों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

Recent Post