Home » Uncategorized » *दमोह में कथित लव जिहाद का मामला पहचान छुपाकर नाबालिग से विवाह का आरोप*

*दमोह में कथित लव जिहाद का मामला पहचान छुपाकर नाबालिग से विवाह का आरोप*

*दमोह में कथित लव जिहाद का मामला पहचान छुपाकर नाबालिग से विवाह का आरोप*

दमोह। शहर में एक बार फिर कथित लव जिहाद का मामला सामने आने से माहौल गर्मा गया है। कोतवाली थाना क्षेत्र की एक नाबालिग किशोरी को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेमजाल में फंसाने और अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर विवाह करने का आरोप एक युवक पर लगा है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी सक्रिय हुए और पीड़िता को पुलिस के समक्ष प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक की नाबालिग किशोरी से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि युवक ने अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर किशोरी से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। बाद में दोनों के मंदिर में विवाह करने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि विवाह की तस्वीरें और अन्य जानकारी सामने आने के बाद युवक की असली पहचान उजागर हुई, जिसके बाद परिजनों और हिंदू संगठनों ने विरोध दर्ज कराया।

मामले की सूचना मिलते ही हिंदू जागरण मंच सहित अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता सक्रिय हुए। संगठन के पदाधिकारियों ने किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर कोतवाली थाना पहुंचाया, जहां उसके बयान दर्ज कराए गए। पुलिस ने प्राप्त शिकायत और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कार्रवाई के दौरान हिंदू जागरण मंच के राहुल सिंह, संजय जैन, कपिलकांत नायक, विवेक, प्रभास शिवहरे, नित्या प्यासी सहित बड़ी संख्या में हिंदू विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। किशोरी के बयान, विवाह से संबंधित दस्तावेजों तथा सोशल मीडिया चैट सहित अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में पहचान छुपाने, नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने अथवा अन्य अपराधों के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This