—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बस और कार की टक्कर में चार की मौत दो गंभीर घायल*
दमोह। जिले के जबेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम पूरनयाउ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बस और आई-20 कार के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (आईपीएस) घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति एवं माया प्रजापति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं कार चालक रशीद खान निवासी शाहगंज तथा रीना प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्रियों को किसी प्रकार की गंभीर क्षति नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिटनेस जांच पर उठे सवाल
इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर सड़कों पर दौड़ रही यात्री बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार संबंधित बस के दस्तावेज वैध बताए जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में लंबे समय से कुछ बसों के अनफिट हालत में संचालन की शिकायतें सामने आती रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को नियमित रूप से बसों की फिटनेस जांच करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस हादसे से सबक लेते हुए सड़क सुरक्षा और वाहन फिटनेस को लेकर क्या कदम उठाता है।
















































