—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने किया 48.43 लाख की विज्ञान प्रयोगशाला भवन का भूमिपूजन विद्यार्थियों को मिली साइकिलें*

***झलोन से मुकेश जैन की रिपोर्ट***
दमोह/नोहटा। जबेरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नोहटा में 48.43 लाख रुपये की लागत से बनने वाले फिजिक्स, कैमिस्ट्री एवं बायोलॉजी लैब भवन का विधिवत भूमिपूजन किया। इस निर्माण कार्य से विद्यालय में विज्ञान शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक अध्ययन का बेहतर वातावरण मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रयोगशाला भवन बनने से छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा और उनकी पढ़ाई अधिक प्रभावी होगी।
मंत्री ने यह भी बताया कि विद्यालय में शीघ्र ही 89 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्षों का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हो सकेंगे और शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों, को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान नोहटा थाना प्रभारी के नेतृत्व में ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक से बचने तथा साइबर अपराधों से सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय का स्टाफ, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













































