Home » अपराध » Mp » *कलेक्टर ने जिला अस्पताल में बच्चों को पिलाई पल्स पोलियो की दवा*

*कलेक्टर ने जिला अस्पताल में बच्चों को पिलाई पल्स पोलियो की दवा*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*कलेक्टर ने जिला अस्पताल में बच्चों को पिलाई पल्स पोलियो की दवा*

*जिले में 1.60 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य 1339 बूथ और 45 मोबाइल वैन तैनात*

*अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने की अपील*

दमोह, 28 जून। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार सुबह जिला अस्पताल से हुआ। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर नन्हे बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई और उन्हें टॉफियां वितरित कर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर एसडीएम सौरभ गंधर्व, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राय, सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत 1 लाख 60 हजार 204 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिलेभर में 1339 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा दूरस्थ क्षेत्रों और यात्रारत परिवारों तक पहुंचने के लिए 45 मोबाइल वैन भी संचालित की जा रही हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

कलेक्टर ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मेला स्थलों जैसे सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी दवा पिलाई जाएगी। यदि किसी कारणवश कोई बच्चा अभियान के दिन छूट जाता है तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो की दवा पिलाएंगी।

उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो की दो बूंद जिंदगी की खुराक दिलाएं। कलेक्टर ने कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से ही जिले और देश को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने का लक्ष्य सफल हो सकेगा।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This