Home » अपराध » Mp » *10 साल से फरार आजीवन कारावास का सजायाफ्ता इनामी बंदी गोविंद विश्वकर्मा गिरफ्तार*

*10 साल से फरार आजीवन कारावास का सजायाफ्ता इनामी बंदी गोविंद विश्वकर्मा गिरफ्तार*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*10 साल से फरार आजीवन कारावास का सजायाफ्ता इनामी बंदी गोविंद विश्वकर्मा गिरफ्तार*

दमोह। जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गैसाबाद पुलिस ने जिला सागर का 10 हजार रुपये और जिला दमोह का 1 हजार रुपये का इनामी, आजीवन कारावास की सजा प्राप्त स्थायी वारंटी गोविंद विश्वकर्मा को करीब 10 वर्ष बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार थाना गैसाबाद के अपराध क्रमांक 11/2007 में भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 302, 307 एवं 34 के तहत दर्ज हत्या के मामले में गोविंद विश्वकर्मा को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह सजा काटते हुए केंद्रीय जेल सागर में निरुद्ध था।

बताया गया कि गोविंद विश्वकर्मा को उसके जमानतदार रामेश्वर पिता रामकृपाल कुर्मी निवासी बरखेड़ा की जमानत पर 7 सितंबर 2017 को 15 दिनों की पैरोल पर रिहा किया गया था। लेकिन पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वह जेल वापस नहीं लौटा और फरार हो गया।

इसके बाद थाना गोपालगंज, जिला सागर में आरोपी गोविंद विश्वकर्मा एवं उसके जमानतदार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 402/2017 धारा 224, 109 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया। जमानतदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि गोविंद लगातार फरार रहा।

फरारी के चलते सागर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर 10 हजार रुपये तथा दमोह पुलिस अधीक्षक ने 1 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। साथ ही, मामले में लंबित अपील के दौरान आरोपी की अनुपस्थिति पर माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर ने उसके विरुद्ध स्थायी वारंट भी जारी किया था।

लगातार तलाश के दौरान थाना गैसाबाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन मथुरा (उत्तर प्रदेश) में ट्रेस की। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर 29 जून 2026 को गोविंद विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल वारंट प्राप्त होने पर जिला जेल दमोह भेज दिया गया।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौरभ शर्मा, प्रधान आरक्षक तुलसीराम पटैल, आरक्षक रामसिंह लोधी, नगर रक्षा समिति के सदस्य जशवेंद्र सिंह लोधी, तथा साइबर सेल दमोह से प्रधान आरक्षक सौरभ टंडन और आरक्षक मयंक दुबे शामिल रहे।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This