—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बांदकपुर कॉरिडोर को लेकर हिंदू समाज का प्रदर्शन सरपंच पर कार्रवाई की मांग*
दमोह, 30 जून। बांदकपुर धाम के प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण को लेकर मंगलवार को जिले भर से आए हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कॉरिडोर निर्माण में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
हिंदू समाज का कहना है कि प्रदेश सरकार ने बांदकपुर धाम के विकास के लिए करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से भव्य कॉरिडोर निर्माण की घोषणा की है। इस परियोजना से श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन व्यवस्था, पार्किंग, विश्राम स्थल, भोजन-प्रसाद व्यवस्था, सुलभ शौचालय तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कॉरिडोर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने में प्रशासन अपेक्षित रुचि नहीं दिखा रहा है, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही है। हिंदू समाज ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
ज्ञापन में बांदकपुर ग्राम के सरपंच डब्लू (डबुल्या) जैन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने कलेक्टर की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किए गए कॉरिडोर निर्माण को “बांदकपुर के लिए विनाशकारी” बताया और इसकी आवश्यकता पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बैठक के दौरान विरोध करने पर सरपंच ने अपशब्दों का प्रयोग किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हिंदू समाज का यह भी कहना है कि सरपंच पिछले लगभग 15 वर्षों से पद पर हैं, लेकिन गांव में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं कर सके। उनका आरोप है कि अब जलभराव का मुद्दा उठाकर कॉरिडोर निर्माण का विरोध किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को भी अलग से ज्ञापन सौंपकर सरपंच के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने, भविष्य की बैठकों में प्रवेश पर रोक लगाने तथा जिला बदर जैसी कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में अमर राजपूत, कपिल सोनी (सकल हिंदू समाज अध्यक्ष), पं. पौराणिक जी, कृष्णा पटेल, आशीष कटारे, राजू ठाकुर, वीरू नेमा, मोनू पाठक, अरविंद पाठक, भूरा अहिरवार, सतीश तिवारी, डॉ. केदार शर्मा, रिंकी जैन, अब्बू जैन, गोलू चौबे, नंदू यादव, उधम सिंह, नित्या प्यासी, बाबी नामदेव, हरवंश राठौर, गणपत लोधी, डब्लू जैन, जीवन जैन सहित बांदकपुर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हिंदू समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
सरपंच डब्लू (डबुल्या) जैन के विरुद्ध लगाए गए आरोप हिंदू समाज द्वारा दिए गए ज्ञापन में किए गए दावे हैं। इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना शेष है।
















































