—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*तेंदूखेड़ा जनपद पंचायत के सीईओ मनीष बागरी का आकस्मिक निधन प्रशासनिक महकमे में शोक*
दमोह/तेंदूखेड़ा, 1 जुलाई। दमोह जिले की जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मनीष बागरी का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर फैल गई। युवा, जिम्मेदार और मिलनसार अधिकारी के अचानक निधन से सभी स्तब्ध हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से जबलपुर निवासी मनीष बागरी की मंगलवार देर रात तबीयत बिगड़ने पर उन्हें करीब 2 बजे तेंदूखेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन के बाद पार्थिव शरीर तेंदूखेड़ा अस्पताल में रखा गया।
दिवंगत अधिकारी को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अस्पताल पहुंचे। इस दौरान विधायक एवं राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भी तेंदूखेड़ा पहुंचकर मनीष बागरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
दमोह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मनीष बागरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिजनों के अनुसार, मनीष बागरी के भाई, जो पाटन उप जेल में जेलर के पद पर पदस्थ हैं, पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर लेकर रवाना हुए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा।
मनीष बागरी के असामयिक निधन से प्रशासनिक सेवा ने एक होनहार, कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी को खो दिया है। उनके निधन पर पूरे जिले में शोक का माहौल है। श्रद्धांजलि संदेशों का सिलसिला लगातार जारी है।
एमपी अपडेट न्यूज़ टीम प्रभु से प्रार्थना करते है इस दुख की घड़ी में परिजनों को प्रभु गहन दुख सहने की क्षमता प्रदान करें मृत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें
ओम शांति ओम शांति ओम शांति










































