Home » अपराध » Mp » *बागेश्वर धाम के महाराज ने राज्यमंत्री लखन पटेल के निवास पर किया एक दिवसीय प्रवास*

*बागेश्वर धाम के महाराज ने राज्यमंत्री लखन पटेल के निवास पर किया एक दिवसीय प्रवास*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*बागेश्वर धाम के महाराज ने राज्यमंत्री लखन पटेल के निवास पर किया एक दिवसीय प्रवास*

भोपाल/दमोह, 1 जुलाई 2026। श्री बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल के आमंत्रण पर भोपाल स्थित उनके शासकीय निवास पर एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे। इस दौरान मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

29-30 जून की रात्रि महाराज श्री मंत्री लखन पटेल के निवास पर पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। राज्यमंत्री पटेल, उनके परिवार तथा पुत्र लकी लोकेंद्र पटेल ने उनका अभिनंदन किया। प्रातःकाल विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन हुआ, जिसमें महाराज श्री ने परिवार और उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल एंदल सिंह कंसाना, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर राकेश शुक्ला, प्रतिमा बागरी, राधा सिंह नरेंद्र शिवाजी पटेल, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया रामखेलावन पटेल सहित सांसद, विधायक, अनेक गणमान्य नागरिक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी महाराज श्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। भोपाल के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ दमोह एवं पथरिया से आए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अपने आशीर्वचन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सभी से ईश्वर के प्रति आस्था बनाए रखने, सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने तथा समाजहित में कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने बागेश्वर धाम से जुड़कर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सहयोग करने का आह्वान किया तथा निकट भविष्य में भोपाल में कथा आयोजन की भी जानकारी दी।

प्रवास के दौरान महाराज ने कैंसर अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लिया। इसके पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सीएम हाउस तथा मंत्री उदय प्रताप सिंह के निवास पर पहुंचकर तिलक-वंदन किया। बाद में वे भोपाल एयरपोर्ट से खजुराहो स्थित बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गए।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों जनप्रतिनिधियों अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिल सकती है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This