—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह में कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर NEET पेपर लीक महंगाई किसानों की समस्याओं और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सरकार को घेरा*
दमोह। शहर के जबलपुर नाका स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अजय टंडन ने कहा कि देशभर में हुए NEET पेपर लीक प्रकरण ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोड़ा है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मानक पटेल ने कहा कि प्रदेश में किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को आवश्यक संसाधन समय पर नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनकी फसल प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता के दौरान कथित जमीन घोटाले तथा श्रीराम मंदिर से जुड़े दान एवं प्रबंधन में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की भी मांग उठाई। उनका कहना था कि इन मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा गया। नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम नागरिकों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है और आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा स्मार्ट मीटर व्यवस्था का विरोध करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का निराकरण किया जाए तथा बिजली व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जाए।
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक अजय टंडन, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मानक पटेल, मनु मिश्रा, संजय चौरसिया, परम यादव, प्रदीप पटेल, नितिन मिश्रा, विजय बहादुर एवं शिवम तिवारी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।














































