—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत दमोह से हरिद्वार–ऋषिकेश के लिए विशेष ट्रेन रवाना, 750 श्रद्धालुओं ने शुरू की आस्था की यात्रा*


दमोह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत शुक्रवार को दमोह रेलवे स्टेशन से हरिद्वार–ऋषिकेश के लिए विशेष तीर्थदर्शन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस विशेष ट्रेन में दमोह सहित विभिन्न जिलों के लगभग 750 श्रद्धालु, जिनमें दमोह जिले के 256 श्रद्धालु शामिल हैं, तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुए। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने विशेष ट्रेन को रवाना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सेवा और धार्मिक आस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि दमोह से इस पवित्र यात्रा की शुरुआत जिले के लिए गौरव का विषय है। शासन यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसी ट्रेन, भोजन, पेयजल, चिकित्सकीय सुविधा एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से सरकार वरिष्ठ नागरिकों और पात्र श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान चिकित्सकों की टीम, पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला यात्रियों के साथ रहेगा, ताकि उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण को नई दिशा मिली है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या और महाकाल लोक जैसे धार्मिक स्थलों का भव्य विकास इसका उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में बांदकपुर धाम कॉरिडोर का निर्माण भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बुजुर्गों के वर्षों पुराने तीर्थयात्रा के सपने को साकार किया है।
दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि यह केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के सम्मान और उनकी आस्था से जुड़ी भावनाओं का सम्मान है। उन्होंने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना अंतिम छोर के जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस विशेष ट्रेन में अधिकांश ऐसे श्रद्धालु शामिल हैं जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से तीर्थयात्रा नहीं कर पाते थे। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए योजना को जनकल्याणकारी बताया।
दमोह रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, राज्यमंत्री लखन पटेल, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा सभी श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा एवं शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर गोपाल पटेल, गौरव पटेल, राघवेंद्र सिंह परिहार, संजय सेन, संजय यादव, रामेश्वर चौधरी, जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, महेश पटेल, अखिलेश हजारी, भरत यादव, कपिल शुक्ला, विनीता कुलस्ते, देवकीनंदन पटेल, जुगल अग्रवाल, कविता राय, कृष्णा राज, अमित त्यागी, संजय पटेल, जय सिंह, वर्षा रैकवार, रितु पांडे, रमाकांत बाजपेई, बृजेश सिंह लोधी, सतपाल सिंह, रिंकू गोस्वामी, वेद प्रकाश दुबे, दीपक मिश्रा, सृजन असाटी, शिवेंद्र तिवारी, कृष्णा पटेल तथा श्री अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम सौरभ गंधर्व, डिप्टी कलेक्टर बृजेश सिंह, तहसीलदार रॉबिन जैन, तहसीलदार पटेरा उमेश तिवारी एवं नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, तीर्थयात्री एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
















































