—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नोहटा में राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी की जनसुनवाई 70 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई*
दमोह। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने शनिवार को नोहटा स्थित अपने कार्यालय में नियमित जनता दरबार एवं जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में जबेरा विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों के साथ पहुंचे। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि प्रत्येक शनिवार प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नोहटा कार्यालय में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाती है, जिससे क्षेत्रवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह आयोजित जनसुनवाई में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का तत्काल समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिल रही है। पहले नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए तेंदूखेड़ा अथवा जबेरा जाना पड़ता था, लेकिन अब प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में नोहटा कार्यालय में ही उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जा रहा है।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसुनवाई इसी उद्देश्य को साकार करने का एक प्रभावी माध्यम बन रही है।















































