*दमोह के सुखी पिपरिया में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने घर में डकैती*
*परिवार को बंधक बनाकर 25 लाख के जेवरात और नकदी लूटी*
दमोह। जिले के नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के ग्राम सुखी पिपरिया में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे छह हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, उनके हाथ-पैर बांध दिए तथा महिला के गले पर चाकू और बेटी के सिर पर कट्टा अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी।
बदमाश घर में करीब 35 मिनट तक रहे और आराम से अलमारी व अन्य स्थानों की तलाशी लेते रहे। विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई। बदमाश जाते-जाते मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, ताकि पीड़ित तत्काल पुलिस को सूचना न दे सकें।
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश करीब 20 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और लगभग 60 हजार रुपये नकद सहित कुल करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।













































