—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*सेफ क्लिक 2.0 अभियान आईजी मिथिलेश शुक्ला ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के दिए अहम मंत्र*
दमोह। मध्यप्रदेश पुलिस के “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को दमोह स्थित एकलव्य विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथिलेश शुक्ला ने विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं नागरिकों को साइबर अपराधों के लगातार बदलते तरीकों से सतर्क रहने का संदेश दिया।
आईजी श्री शुक्ला ने कहा कि पुलिस कभी भी किसी नागरिक से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क नहीं करती। यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करे, डिजिटल अरेस्ट की धमकी दे या किसी प्रकार का दबाव बनाए, तो घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी थाना अथवा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साथ ही किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (आईपीएस) ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की साइबर जागरूकता शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने परिवार, मित्रों और समाज तक साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंचाकर जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्री एच.आर. पांडे, दमोह देहात थाना प्रभारी श्री धर्मेंद्र उपाध्याय, सूबेदार श्री अभिनय साहू, सागर नाका चौकी प्रभारी श्री विक्रम दांगी, एकलव्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पवन जैन, प्रो. प्रफुल्ल शर्मा, विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, स्टाफ तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

















































