—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह जिला अधिवक्ता संघ चुनाव अध्यक्ष पद पर एड. मुकेश पांडे 5 मतों से विजयी*
दमोह। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव की मतगणना शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और लाइव प्रसारण के बीच हुई मतगणना के बाद विभिन्न पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए।
सबसे अहम मुकाबले में अध्यक्ष पद पर एडवोकेट मुकेश पांडे ने मात्र 5 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर जिला अधिवक्ता संघ की कमान अपने हाथ में ली। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और अंतिम दौर तक सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी रहीं।
सचिव पद पर एडवोकेट बसंत खरे विजयी घोषित हुए, जबकि उपाध्यक्ष पद पर एडवोकेट राजीव बद्री ठाकुर ने जीत हासिल की।
जूनियर कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव में एडवोकेट अभिजीत सिंह ठाकुर को 134 मत प्राप्त हुए और वे विजयी रहे। वहीं एडवोकेट विनोद पटेल ने 50 मत प्राप्त कर जूनियर कार्यकारिणी सदस्य पद पर जीत दर्ज की।
मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एडवोकेट चरणसिंह बग्गा की निगरानी में संपन्न हुई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मतगणना कक्ष में केवल प्रत्याशी अधिवक्ताओं को प्रवेश दिया गया था, जबकि अन्य अधिवक्ताओं ने सभाकक्ष में लाइव प्रसारण के माध्यम से पूरी प्रक्रिया देखी।
परिणाम घोषित होने के बाद न्यायालय परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। विजयी पदाधिकारियों ने अधिवक्ता हितों की रक्षा, न्यायालयीन व्यवस्थाओं में सुधार तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया।
















































