—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बारिश के मौसम में बिजली से रहें सतर्क अधीक्षण अभियंता की आमजन से विशेष अपील लापरवाही पड़ सकती है भारी*

दमोह। बटियागढ़ में लगातार हो रही बारिश, तेज आंधी-तूफान और मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के बीच मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, दमोह के अधीक्षण अभियंता ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं एवं आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं की संभावना सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रहती है। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि तेज बारिश और आंधी के कारण बिजली के तार टूटने, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने, ट्रांसफार्मरों में तकनीकी खराबी आने तथा तारों में लीकेज करंट फैलने जैसी घटनाएं बढ़ जाती हैं।
इसलिए नागरिकों को बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, हाईटेंशन और एलटी लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखनी चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति में इनके संपर्क में आने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिन मकानों, दुकानों या गोदामों की छत लोहे की चादरों से बनी है, वहां सुरक्षित पीवीसी पाइप के माध्यम से ही विद्युत वायरिंग कराई जाए। पुरानी, खुली या क्षतिग्रस्त वायरिंग कभी भी हादसे का कारण बन सकती है।
घरों में यदि छत या दीवारों से पानी का रिसाव हो रहा है, वायरिंग पुरानी है, कनेक्शन ढीले हैं या अर्थिंग कमजोर है तो तत्काल किसी प्रमाणित इलेक्ट्रीशियन से उसकी जांच कराकर आवश्यक सुधार कराया जाए।
अधीक्षण अभियंता ने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान गीले हाथों या नंगे पैर किसी भी विद्युत उपकरण, स्विच बोर्ड, प्लग, तार अथवा विद्युत मशीन को न छुएं।
जलभराव वाले क्षेत्रों में रखे विद्युत उपकरणों का उपयोग करने से बचें तथा बच्चों को बिजली के उपकरणों और खुले तारों से दूर रखें। उन्होंने पशुपालकों से भी आग्रह किया कि अपने पालतू पशुओं को बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों या विद्युत लाइनों के नीचे न बांधें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं सड़क, खेत या मोहल्ले में बिजली का तार, केबल या विद्युत पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उसके पास बिल्कुल न जाएं और न ही उसे हटाने का प्रयास करें।
टूटे हुए तारों में विद्युत प्रवाह हो सकता है, जो किसी भी व्यक्ति या पशु के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी स्थिति में आसपास के लोगों को भी सतर्क करें और तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दें।
अधीक्षण अभियंता ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी शिकायत, तार टूटने, पोल क्षतिग्रस्त होने या अन्य आपात स्थिति की जानकारी तत्काल कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर दें अथवा अपने निकटतम विद्युत वितरण केंद्र कार्यालय में सूचना दें, ताकि विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है, लेकिन दुर्घटनाओं से बचाव तभी संभव है जब नागरिक भी सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सतर्कता स्वयं के साथ-साथ परिवार और आसपास के लोगों की जान बचा सकती है।












































