—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दमोह पुलिस को बड़ी सफलता दो और आरोपी गिरफ्तार*
*सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद, अब तक 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त दो आरोपी अब भी फरार*
दमोह। जिले के बहुचर्चित नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दमोह पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में अब तक कुल 16.70 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को दमोह देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के सूखी पिपरिया गांव निवासी विजय जैन के घर हुई डकैती के मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। पहले चरण में पुलिस शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार कर चुकी थी।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने भोपाल, रायसेन, छतरपुर, दिल्ली, रोहतक (हरियाणा), ओडिशा और विशाखापट्टनम सहित कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान पुलिस ने रानू पटेल निवासी बेर किसुनगंज (थाना दमोह देहात) तथा दीपक उर्फ दीपु बंसल निवासी वार्ड क्रमांक-1, पथरिया को कटनी-मुड़वारा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर करीब 18 ग्राम की दो सोने की चेन, करीब 42 ग्राम की एक सोने की करधनी तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में लगभग 8.20 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई है। इससे पहले पुलिस 8.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं एक मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी थी। इस प्रकार अब तक कुल 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। रानू पटेल के खिलाफ पहले से 8 आपराधिक प्रकरण, जबकि दीपक उर्फ दीपु बंसल के विरुद्ध 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
जांच के दौरान रोहित अहिरवार और उसके साथी मोनू की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी, साइबर सेल एवं विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।












































