—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*तेंदूखेड़ा पुलिस की तत्परता से लापता बालक सकुशल बरामद*
दमोह/तेंदूखेड़ा। घर से बिना बताए लापता हुए करीब 10-11 वर्षीय नाबालिग बालक को तेंदूखेड़ा पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नगर के शासकीय प्राथमिक बालक शाला में अध्ययनरत बालक गुरुवार शाम करीब 4 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद वार्ड क्रमांक 5 स्थित अपने घर पहुंचा था। करीब एक घंटे बाद शाम 5 बजे वह बिना बताए घर से निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चला।
रात करीब 10:30 बजे तक तलाश के बाद परिजन लगभग 11 बजे तेंदूखेड़ा थाने पहुंचे और बालक के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक सरोज सिंह ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम के साथ तत्काल तलाश अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम ने नगर सहित आसपास के खेतों और संभावित स्थानों पर रातभर तलाश की। इसी दौरान रात करीब पौने दो बजे वार्ड क्रमांक 5 के समीप खेतों की ओर पुलिस वाहन पहुंचा तो बालक स्वयं पुलिस वाहन के पास आ गया। उसने पुलिस को बताया कि वह खेतों की ओर भटक गया था।
पुलिस ने बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया और परिजनों को सूचना देकर सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। बालक के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और तेंदूखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं मानवीय संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।
बालक की सकुशल बरामदगी में नगर निरीक्षक सरोज सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक बृजेश तिवारी, विशाल बेन, महेश कुमार तथा आरक्षक विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
तेंदूखेड़ा पुलिस की तत्परता से नाबालिग बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंचा।

















